अगले महीने हरियाणा में होने जा रहे विधानसभा चुनाव को लेकर प्रभासाक्षी की टीम राज्य के फरीदाबाद जिले में पहुंची। जहां हमारे एडिटर नीरज कुमार दुबे ने जिले की बड़खल विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार धनेश अदलखा से चर्चा की है।
प्रभासाक्षी से बात करते हुए बीजेपी के उम्मीदवार धनेश अदलखा ने दावा किया कि पूरे राज्य में भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता जोर-जोर से चुनाव प्रचार में जुटा हुआ है। जिसकी बदौलत फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र की सभी सीटों पर भाजपा बड़ी जीत दर्ज करने में सफल रहेगी। वर्तमान विधायक और हरियाणा सरकार में मंत्री रही सीमा त्रिखा का टिकट काटकर उनको दिए जाने पर भाजपा नेता ने कहा कि पार्टी आला कमान अपने सभी कार्यकर्ताओं को चुनाव लड़ने का मौका प्रदान करता है।
जिसके क्रम में अब यह जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है। अपनी विकास की प्राथमिकताओं को लेकर बीजेपी उम्मीदवार ने बताया कि जो कार्य आचार संहिता लगने के कारण रुक गए हैं, उनको दोबारा से चालू करवाना प्रमुख जिम्मेदारी रहेगी। उन्होंने कांग्रेस पर किसानों के साथ धोखा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि वर्तमान बीजेपी की सरकार ने किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ हल करके उन्हें कई प्रकार के लाभ पहुंचाये हैं। इसके साथ ही भाजपा उम्मीदवार ने कांग्रेस पर भ्रष्टाचार करने के भी गंभीर आरोप लगाए।